- आर्थिक तंगी की वजह से कई बीमार कर्मचारियों व अधिकारियों की हो चुकी है मृत्यु
कानपुर।(आरएनएस ) लाल इमली श्रमिकों को पिछले 28 महीनों से वेतन न मिलने से उनके घर में खाने के लाले पड़ गए। होली व दीपावली जैसे त्योहार निकल गए लेकिन नौ सौ श्रमिकों को इस समय अंतराल में वेतन के वह 60 करोड़ रूपये नहीं मिले जिसके चलते कई परिवार भुखमरी के कगार पर हैं।
हाथ में पैसा न होने से अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में असहाय इन श्रमिकों का सब्र का बांध बुधवार को टूट गया और उन्होंने लाल इमली चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया। वेतन के अलावा दो साल का बोनस जो कि एक करोड़ 26 लाख रूपये है उसके मिलने का इंतजार भी श्रमिक कर रहे हैं। सात साल में एक करोड़ रूपये लिव इन कैशमेंट व एरियर समेत अन्य मांगेें भी श्रमिकों की सूची में शामिल हैं।
लाल इमली कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि आर्थिक तंगी की वजह से इलाज न मिलने के कारण 50 से 60 बीमार कर्मचारियों व अधिकारियों की मृत्यु हो चुकी है। कर्मचारियों के पास पैसा न होने से उनके बच्चों के नाम तक स्कूल से काटे गए हैं। वह उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर मंडलायुक्त राजशेखर से मिले। उन्होंने उनकी बात सुनने के बाद जल्द ही इस समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिकों ने डीएम ऑफिस में ज्ञापन दिया। इस दौरान राजू ठाकुर,सुरेश श्रीवास्तव,एबी पांडेय,राजकिशोर,विद्या सागर शुक्ला,अवध राज समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment