दो दिन में करीब 5 फीसदी चढ़ चुका है रिलायंस का शेयर, मार्केट कैप 13 लाख करोड़ के पार



नई दिल्ली। दो दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार आज तेजी से साथ खुले। इसमें देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज  की अहम भूमिका रही। कंपनी के शेयरों में आज 2 फीसदी से अधिक की उछाल आई और यह 2026 रुपये पर पहुंच गया। इससे पहले इसमें 2.4 फीसदी की तेजी आई थी। इस तरह दो सत्र में रिलायंस का शेयर करीब 5 फीसदी चढ़ चुका है। कंपनी शुक्रवार को अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करेगी।

शेयरों में तेजी के साथ रिलायंस का मार्केट कैप एक बार फिर 13 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया है। देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टैंसी सर्विसेज (टीसीएस) मार्केट कैप के लिहाज से दूसरे नंबर पर है। इसका बाजार पूंजीकरण करीब 12 लाख 25 हजार करोड़ रुपये है। इस सूची में तीसरे स्थान पर एचडीएफसी बैंक है जिसका मार्केट कैप लगभग 8 लाख 18 हजार करोड़ रुपये है।
कोरोना काल में घर से कर रहे हैं काम तो कट सकती है सैलरी, जानिए क्या है कंपनियों का प्लान
सितंबर में पहुंचा था ऑलटाइम हाई
पिछले साल शेयर बाजार मार्च में बहुत गिर गया था तब रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इसे फिर से पटरी पर लाने में अहम भूमिका निभाई थी। रिलायंस के शेयरों में इतनी तेजी आई कि कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी करीब 90 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्स बन गए थे। यह बात सितंबर 2020 की है जब रिलायंस का शेयर 2368.80 रुपये के रेकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप भी 16 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया था। उसके बाद से इसमें 19 फीसदी गिरावट आई और इसके साथ ही अंबानी की नेटवर्थ गिरकर 73.9 अरब डॉलर रह गई। इस समय वह दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें स्थान पर हैं।

Comments